5 States में 10 केस! CID अधिकारी बनकर ठगने वाला गिरफ्तार
अलीगढ़/लखनऊ : यूपी के अलीगढ़ पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ओडिशा निवासी स्मिथ सेठी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को CID का IPS अधिकारी बताकर एक ऑर्थो डॉक्टर से 10 लाख रुपये और गहने ठग लिए थे। पुलिस जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि आरोपी पर 5 राज्यों में करीब 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कैसे हुआ पूरा फर्जीवाड़ा?
घटना देहलीगेट थाना क्षेत्र की है। जलालपुर के प्रिंस रोड निवासी योगेंद्र प्रसाद (FCI से रिटायर्ड) के बेटे डॉ. सचिन सचदेव का जलालपुर रोड पर क्लिनिक है। 6 सितंबर को जब डॉ. सचिन दिल्ली गए थे, तभी आरोपी सूट-बूट पहनकर क्लिनिक पहुंचा और खुद को CID का IPS अधिकारी बताया। उसने धमकी देकर क्लिनिक का गेट बंद कराया और डॉक्टर के पिता पर दबाव बनाते हुए कहा कि “तेरा बेटा खूब रुपये छाप रहा है।”आरोपी ने मुकदमा दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी देकर 10 लाख रुपये कैश और महिलाओं के गहने ले लिए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जानें पुलिस की कार्रवाई
फरियाद मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। जिसमें आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस की तीन टीमों ने लगातार पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अब जेल भेजा गया है और उसके पुराने मामलों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी के खिलाफ लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि फर्जी IPS बनकर ठगी करने वाले इस शातिर के खिलाफ पहले से ही पांच अलग-अलग राज्यों में 10 से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और जल्द ही अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय किया जाएगा।
