सपा प्रमुख का दावा – तेजस्वी होंगे बिहार के अगले सीएम, राजधानी तक सुरक्षित नहीं, दिल्ली धमाका सरकार की नाकामी का आरोप
बरेली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बरेली दौरे के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। दिल्ली धमाके से लेकर बिहार चुनाव और 2027 के मिशन तक, अखिलेश यादव ने एक के बाद एक कई बड़े बयान देकर सियासी माहौल गर्म कर दिया। उन्होंने दिल्ली में लालकिले के पास हुए धमाके को सरकार की “बहुत बड़ी नाकामी” बताया। बोले – “अगर खुफिया तंत्र ठीक से काम कर रहा होता, तो राजधानी में ऐसा हादसा कभी नहीं होता। यह सरकार की नाकामी है कि देश की राजधानी तक सुरक्षित नहीं रही।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री जी ने कहा कि साजिश करने वालों पर कार्रवाई होगी, हम चाहते हैं कि जो कहा गया है, उस पर भरोसा किया जाए और निष्पक्ष कार्रवाई हो।”

2027 पर निशाना- जब कुर्सी हिलती है तो सीएम कम्युनल हो जाते हैं’
बरेली में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा -“2027 का चुनाव पत्रकार जिताने जा रहे हैं। जब मुख्यमंत्री जी को लगता है कि उनकी कुर्सी हिल रही है, तो वे कम्युनल हो जाते हैं।”उन्होंने दावा किया कि “मुख्यमंत्री योगी ने खुद एयरपोर्ट पर मुझसे कहा था कि वे जल्दी ही मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”
“बीजेपी भगवान से ऊपर हो गई है!, तीखा हमला
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा-“बीजेपी वाले भगवान से ऊपर हो गए हैं। इकाना स्टेडियम का नाम बदल दिया, लेकिन कोई नया कारखाना नहीं लगाया। बिजली महंगी कर दी, गरीब अब शादी और सोना खरीदने तक में असमर्थ हो गया है।”उन्होंने आरोप लगाया कि- “असली भूमाफिया बीजेपी के लोग हैं, जो गरीबों की जमीनें हड़प रहे हैं।”
“बीजेपी बताए- भारत का क्षेत्रफल 2014 में क्या था और आज क्या है”
सपा प्रमुख अखिलेश ने एक बार फिर बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा- “बीजेपी दो बातें कभी नहीं बताएगी, पहली, जो राशन मिल रहा है। उनकी पर कैपिटा इनकम क्या है। और दूसरी, भारत का क्षेत्रफल 2014 में क्या था और आज क्या है।”
बिहार चुनाव पर बोले अखिलेश- “तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं”
बिहार चुनाव पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा “जनता अब बदलाव चाहती है। बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, कोई कंफ्यूजन नहीं है।”उन्होंने कहा कि “बीजेपी ने देश की अर्थव्यवस्था को चीन के हवाले कर दिया है। स्वदेशी की बात करने वाले चीनी सामान के सहारे देश चला रहे हैं।”
‘बरेली विज़न मैनिफेस्टो’ का ऐलान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब ‘न्यू इंडिया विज़न’ को लेकर आगे बढ़ रही है। “समाजवादी पार्टी भविष्य में बरेली के लिए अपना अलग विकास मैनिफेस्टो तैयार करेगी। महंगाई, ट्रैफिक और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।”
चुनाव आयोग पर उठे सवाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि “चुनाव आयोग पॉलीटिकल पार्टियों को परेशान करने की दिशा में काम करता है। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग बीजेपी का आयोग न बन जाए।”
“बहुत दिनों से इच्छा थी वसीम बरेलवी साहब से मुलाकात की”
बरेली पहुंचकर अखिलेश यादव ने मशहूर शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि “बहुत दिनों से इच्छा थी कि वसीम बरेलवी साहब के घर पर हो लूं।उनकी दुनिया में अपनी पहचान और नाम है।” यह मुलाकात सियासी और सांस्कृतिक दोनों दृष्टियों से अहम मानी जा रही है।
सपा नेताओं का स्वागत और सियासी गुफ्तगू
सपा अखिलेश यादव का एयरपोर्ट पर जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के साथ प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, शोहेब खां ने बुके देकर स्वागत किया। सपा प्रमुख पूर्व मंत्री शहजिल इस्लाम, पूर्व मंत्र भगवत शरण गंगवार,प्रदेश महासचिव, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, और शायर प्रो. वसीम बरेलवी के घर पहुंचे। इस दौरान विजयपाल सिंह, शुभलेश यादव, कदीर अहमद, संजीव यादव, इंजीनियर अनीस अहमद, राष्ट्रीय प्रवक्ता नेहा यादव, प्रमोद बिष्ट, हरीशंकर यादव, कलीमुद्दीन, आदेश सिंह यादव और संजीव सक्सेना, अशोक यादव, रविंद्र यादव, अरविंद यादव, तनवीरूल इस्लाम, मुहम्मद अकरम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
