बहराइच/लखनऊ : यूपी के बहराइच जिले के निंदुनपुरवा टेपरहा गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव निवासी विजय कुमार, जो खेती और पशुपालन करता था, ने दो किशोरों को खेत में लहसुन बोने के लिए बुलाया, लेकिन किशोरों ने नवरात्र के अंतिम दिन घरेलू कामकाज का हवाला देकर खेत में काम करने से इनकार कर दिया। इस बात से गुस्साए किसान ने अपने घर के आंगन में ही दोनों किशोरों सूरज यादव (14 वर्ष) और सनी वर्मा (13 वर्ष) पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी किसान विजय ने खुद को, अपनी पत्नी और दो बेटियों को कमरे में बंद कर आग लगा ली। आग की लपटों में चारों की मौत होने की बात सामने आई है। इस घटना में घर के अंदर मौजूद चार मवेशियों की भी झुलसकर मौत हो गई।
चीख पुकार से मची अफरा -तफरी
इस हादसे के बाद गांव में अचानक उठी चीख-पुकार से हड़कंप मच गया। लोग दौड़े, लेकिन आंगन में पड़े दो किशोरों के खून से लथपथ शव देखकर सहम गए। उधर, कमरे से आग और चीखें निकल रही थीं। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे और आग बुझाई गई।
जांच में जुटी पुलिस
रामगांव थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की कि दो किशोरों की हत्या धारदार हथियार से की गई। कमरे से विजय कुमार, उसकी पत्नी और दो बेटियों के शव बरामद हुए। उप जिलाधिकारी सदर पूजा चौधरी और पुलिस क्षेत्राधिकारी महसी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गांव में इस हृदय विदारक घटना से दहशत और मातम पसरा है।
