बदायूं/बरेली : यूपी के बदायूं जिले में एक मासूम के जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शराब पी रहे तीन लोगों ने अनजाने में जहरीला केमिकल पी लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। यह पूरा मामला उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामय खेड़ा का है। मंगलवार शाम घर में एक बच्चे का जन्मदिन मनाया जा रहा था, जहां परिवार और रिश्तेदारों के बीच खुशी का माहौल था। इसी दौरान जुगेंद्र का भाई कामेश चौहान (63 वर्ष), यशपाल (45 वर्ष), और दामोदर (42 वर्ष), तीनों एक कमरे में चुपके से शराब पीने बैठ गए। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में यह जश्न जानलेवा हादसे में बदल जाएगा।
पानी समझकर मिला दिया हाइड्रोजन पराक्साइड
जिस कमरे में तीनों बैठे थे, वहीं हाइड्रोजन पराक्साइड रखा हुआ था। इसका इस्तेमाल दूध में मिलाने के लिए किया जाता है। नशे की हालत में तीनों ने इसे पानी समझ लिया, और शराब में मिलाकर पी लिया, जैसे ही यह केमिकल शरीर में गया। उसी वक्त उल्टी, घबराहट, बेहोशी और कुछ ही मिनटों में हालत बिगड़ने लगी और पूरा माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।
दो की मौत, एक जिंदगी के लिए जंग
दामोदर की मौके पर ही मौत हो गई, और कामेश चौहान को जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मगर, यशपाल की हालत गंभीर बनी हुई है, इलाज जारी है।जैसे ही मौत की खबर पहुंची, तो अस्पताल में हड़कंप मच गया।परिवार के लोग बदहवास होकर रोते-बिलखते नजर आए। जन्मदिन का जश्न कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। गांव में भी इस घटना के बाद गहरा शोक और दहशत का माहौल है।
जानें क्या बोले सीओ
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि जिला अस्पताल से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इसके साथ ही शिकायत मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
