सीएम ने गाजियाबाद को बताया “Growth Hub”
गाजियाबाद/लखनऊ : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कभी गाजियाबाद की पहचान गैंगस्टरों और बदमाशों से होती थी, यहां तक कि शहर पर फिल्में भी बनीं, लेकिन अब भाजपा शासन में गाजियाबाद की छवि बदल चुकी है। आज यह शहर “विकास नगरी” के रूप में जाना जाता है। सीएम योगी शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित “विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने गाजियाबाद की नई पहचान और प्रदेश की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व सांसद की पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर गाजियाबाद के पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर की पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन भी किया। योगी ने कहा कि पहले कहा जाता था कि गाजियाबाद और नोएडा में कोई मुख्यमंत्री रात में नहीं रुकता, लेकिन उन्होंने इस भ्रम को तोड़ा। इस दौरान सीएम ने पीएम मोदी के पांच प्रण बताए। इसमें विरासत का सम्मान, गुलामी की मानसिकता से मुक्त, सुरक्षा बलों का आदर, सभी का प्रयास–सभी का विकास, हर नागरिक की ईमानदार भूमिका
को दोहराते हुए इसे “विकसित भारत की कुंजी” बताया।
अर्थव्यवस्था और विकास का दावा
आज़ादी के बाद भारत की वैश्विक अर्थव्यवस्था में हिस्सेदारी केवल 4% रह गई थी, लेकिन 2014 के बाद भारत तेजी से आगे बढ़ा और अब यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। सीएम ने दावा किया कि जल्द ही भारत तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। 2014 से पहले सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ केवल 14% जनता तक सीमित था, जबकि आज यह 70% से अधिक लोगों तक पहुंच रहा है।
यूपी और गाजियाबाद की उपलब्धियां
सीएम योगी ने कहा 2017 से पहले यूपी को “बाधा राज्य” कहा जाता था, आज यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। गाजियाबाद अब औद्योगिक और शैक्षणिक हब बन चुका है। यहां देश का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क, हाइवे, रेलवे और रैपिड रेल जैसी परियोजनाएं इसकी पहचान बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में यूपी की भूमिका निर्णायक होगी। इसके लिए राज्य ने 12 प्राथमिकता सेक्टरों पर रोडमैप तैयार किया है।
