एसपी चीफ ने कहा-कन्नौज के विकास पर BJP विफल, सपा के काम किए बर्बाद, PDA की ताकत से घबराई भाजपा, 2027 में जनता कहेगी-भाजपा हटाओ
लखनऊ/कन्नौज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनगणना में सभी जातियों की गिनती कराने की जोरदार मांग की है। उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना में पिछड़ी, अगड़ी, दलित और आदिवासी-हर जाति की गिनती के लिए अलग कॉलम होना चाहिए, ताकि सभी वर्गों को उनका हक और सम्मान मिल सके। कन्नौज दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि जातीय जनगणना से समाज में पारदर्शिता आएगी और अधिकारों का न्यायसंगत बंटवारा संभव होगा।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटना चाहती है, जबकि समाजवादी पार्टी समानता और सामाजिक न्याय की राजनीति करती है।
कन्नौज के विकास पर BJP सरकार को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और वे स्वयं लंबे समय से कन्नौज से जुड़े हैं। “कन्नौज का विकास होगा, तो यहां के लोगों का भी आर्थिक और सामाजिक विकास होगा।”उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के समय कन्नौज में हुए विकास कार्यों को भाजपा सरकार ने या तो रोक दिया या बर्बाद कर दिया।कन्नौज मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं खराब कर दी गईं, यहां तक कि बजट नहीं दिया जा रहा है। पैरा मेडिकल कॉलेज का काम अधूरा पड़ा है। भाजपा सरकार ने कोई नया बड़ा विकास कार्य नहीं किया

शंकराचार्य प्रकरण और नफरत की राजनीति पर हमला
मीडिया के एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास शंकराचार्य जी के सवालों का कोई जवाब नहीं है और जानबूझकर उनका अपमान किया जा रहा है। असम के मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर तक नफरत फैला रही है। “अगर भाजपा नेताओं से पूछ लिया जाए कि 2014 के बाद भारत का क्षेत्रफल कितना रह गया है, तो उनके मुंह पर ताला लग जाएगा।”
हवाई सुरक्षा पर गंभीर सवाल
अखिलेश यादव ने हवाई यात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।उन्होंने कहा कि जब “विकसित भारत” का सपना दिखाया जा रहा है, तो नए और सुरक्षित विमान आने चाहिए। विमानों की मेंटीनेंस में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर उन्होंने जांच की मांग का समर्थन किया और कहा कि जब विमान ठीक था और विजिबिलिटी थी, तो दुर्घटना कैसे हुई, यह जांच का विषय है।
PDA और 2027 की राजनीति पर कह दी बड़ी बात
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि PDA (पिछड़ा – दलित – अल्पसंख्यक) की ताकत से भाजपा घबराई हुई है। “लोकसभा चुनाव में PDA ने भाजपा को हराया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट कटवाने की साजिश कर रही है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया में सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अन्याय से त्रस्त है और
2027 का सबसे बड़ा मुद्दा-‘भाजपा हटाओ’ होगा।
भेदकारी भाजपा’ के पास क्या टूटे घर बनाने का भी बुलडोज़र है?- अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का बुलडोज़र नकारात्मक और विध्वंसकारी सोच का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ‘भेदकारी भाजपा’ के पास ऐसा कोई बुलडोज़र है, जो लोगों के टूटे घर फिर से बना सके और छीना गया मान-सम्मान लौटा सके। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में बैठकर अपने ऊपर लगे मुकदमे तो हटवाए जा सकते हैं, लेकिन किए गए अन्याय और पाप ऊपर वाली अदालत में दर्ज हो रहे हैं, जिनसे कोई बच नहीं सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं और नफरत की राजनीति के चलते आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि एकतरफा और पक्षपातपूर्ण रवैया खुद में गुनाह है और भाजपा की यही सियासत अब उसकी हार का कारण बनेगी।

शहीद दिवस पर सपाइयों ने गांधी जी को दी श्रद्धांजलि
महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) पर समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी गई। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्य, अहिंसा, सहिष्णुता, करुणा और सौहार्द पर आधारित गांधीवादी विचारधारा को सक्रिय कर ही देश और समाज के लिए घातक नकारात्मक व हिंसक ताकतों को बेनकाब और परास्त किया जा सकता है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
