मुखौटा पहनकर पहुंचा पति, पहले फेंका तेजाब फिर किया कत्ल
शाहजहांपुर/बरेली : यूपी के शाहजहांपुर में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।शहर के चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज स्थित बालाजी नगर कॉलोनी में बुधवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और उसके साथ रह रहे युवक पर तेजाब से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
पत्नी की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मोहन पांडेय का विवाह 31 वर्षीय आरती से हुआ था। दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, और दोनों अलग रह रहे थे। बताया जा रहा है कि आरती अजीजगंज में बृजदीप नामक युवक के साथ रह रही थी। बुधवार सुबह करीब छह बजे आरोपी पति मोहन पांडेय मुखौटा लगाकर आरती के घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने पहले बृजदीप पर तेजाब फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से आरती की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से आरती की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रेमी गंभीर रूप से झुलसा,अस्पताल में भर्ती
तेजाब हमले में झुलसे बृजदीप को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, हमले के दौरान उसने भी बचाव में पलटवार किया, जिससे आरोपी भी घायल हुआ। दोनों का इलाज चल रहा है।
तलाक का चल रहा था मुकदमा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरती और मोहन पांडेय के बीच तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन था। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की जांच जारी है। होली पर ‘लाट साहब’ के जुलूस के कारण मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि, परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दे दी है। हालांकि पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना से इलाके में दहशत
शहर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बालाजी नगर कॉलोनी में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
