बरेली : होली पर्व पर बरेली जिले में सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रहे हादसों से खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग 24 (एनएच-24) पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। इसके साथ ही हादसों की जांच में पुलिस जुट गई है। होली पर हादसों के बाद मृतक परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
होली मनाने घर लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत
बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में नल नगरिया तिराहे के पास देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। फतेहगंज पश्चिमी के ग्राम टिटौली निवासी 32 वर्षीय गुड्डू उर्फ लालाराम उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी करता था। होली के त्योहार पर वह अपने पैतृक गांव लौट रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हादसों की बड़ी वजह है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और तिराहों पर पर्याप्त लाइटिंग की मांग की है।
रामनगर मार्ग पर बाइक अनियंत्रित, चार घायल
देहात के आंवला क्षेत्र के रामनगर मार्ग पर एक बाइक अनियंत्रित होकर राहगीर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग और एक राहगीर घायल हो गए। गांव गौटिया किशनपुर निवासी जगतपाल, बदन सिंह और नरेंद्र एक ही बाइक पर सवार थे। रास्ते में उनकी बाइक पैदल जा रहे श्याम सिंह से टकरा गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जगतपाल और श्याम सिंह की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया है।
नवाबगंज में घायल ट्रक चालक ने तोड़ा दम
बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिलक पिछौड़ा गांव निवासी सोहन लाल, जो पेशे से ट्रक चालक थे, होली मनाने घर आए थे। दो दिन पहले कपड़े खरीदने जाते समय गांव के बाहर नहर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सोहन लाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में शोक की लहर है।
मीरगंज फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप
मीरगंज फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। वाहन चालक कृपाशंकर (निवासी अयोध्या) घायल हो गया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात बहाल कराया।
