LPG-पेट्रोल सप्लाई पर सरकार का भरोसा, विपक्ष पर साधा निशाना… गौशालाओं, किसानों और बिजली व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
बरेली : यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं बरेली की आंवला विधानसभा से विधायक धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित अहम बैठक और मीडिया वार्ता के दौरान कई बड़े फैसले और बयान दिए। एक तरफ उन्होंने एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की सप्लाई को लेकर स्थिति साफ की, तो वहीं दूसरी ओर गौशालाओं, किसानों और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश भी जारी किए।
सप्लाई पर बोले – “कहीं कोई कमी नहीं”

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि LPG और पेट्रोल-डीजल की समस्या वैश्विक है। बावजूद इसके भारत में सप्लाई सुचारू बनी हुई है। बरेली समेत प्रदेश में न गैस की किल्लत है, और न पेट्रोल-डीजल की लाइनें हैं। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील की।
गौशालाओं में बनेगा ‘भूसा बैंक’

बैठक में मंत्री ने बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिए कि हर गौशाला में भूसा बैंक स्थापित किया जाए। उद्यमियों के सहयोग से भूसा दान कराया जाएगा। गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कर हरे चारे की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही पशुओं को गर्मी और बीमारियों से बचाने के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश भी दिए गए।
किसानों के लिए अहम निर्देश

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गेहूं क्रय केंद्र शत-प्रतिशत संचालित हों। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर मोबाइल खरीद केंद्र शुरू किए जाएं। खाद और बिजली की आपूर्ति में कोई बाधा न हो। इसके अलावा गोबर से वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने पर भी जोर दिया गया।
बिजली और प्रशासन पर सख्ती
मंत्री ने साफ कहा कि कृषि कार्यों के लिए बिजली आपूर्ति बनी रहे, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।PDA की राजनीति पूरी तरह फेल हो चुकीं है। इसके साथ ही 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर सरकार बनने का दावा किया। कानपुर किडनी कांड और अपराधों पर मंत्री ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।।
