विजन इंडिया लॉन्च, सपा प्रमुख ने कहा -हमारी राजनीति डिवीजन नहीं, विज़न की,16 नवंबर से शुरू होगा “Vision India Startup Summit”
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए ‘विजन इंडिया- प्लान, डेवलप और एसेंट’ अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत को विभाजनकारी राजनीति और पुरातनपंथी सोच से बाहर निकालकर एक प्रगतिशील, वैज्ञानिक और नवाचार आधारित राष्ट्र की ओर ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि “हमारी राजनीति डिवीजन की नहीं, विज़न की है।”
16 नवम्बर को बेंगलुरू में पहला “Vision India Startup Summit”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बताया कि विजन इंडिया स्टार्टअप समिट की पहली बैठक 16 नवम्बर 2025 को ताज बंगलोर, कर्नाटक में आयोजित होगी। इसमें देश के युवा उद्यमी, शोधकर्ता, टेक्नोलॉजी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके मुख्य समन्वयक सांसद राजीव राय,मुख्य संयोजक पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र होंगे। उन्होंने विज़न इंडिया के 3 स्तंभ बताए। इसमें Plan (योजना) भविष्य की दिशा तय करना और नई संभावनाओं की पहचान Develop (विकास) साझेदारी, संवाद और समाधान आधारित मॉडल Ascent (उत्थान) नवाचार और तकनीक के जरिए भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाना। सपा प्रमुख ने कहा “युवा पीढ़ी सहिष्णु, दयालु और प्रगतिशील है। वही भारत को नई दिशा देगी।”
सपा स्टार्टअप पॉलिसी लागू करने वाली यूपी की पहली सरकार

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने पहले ही टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और किसानों के लिए कई बड़े कदम उठाए थे। 20 लाख लैपटॉप छात्रों को वितरित किए। स्टार्टअप पॉलिसी लागू करने वाली उत्तर प्रदेश की पहली सरकार है। एचसीएल और अमूल जैसे प्रोजेक्ट्स लेकर आए थे। डायल 100 जैसी प्रणाली विकसित कर पुलिस मॉडर्नाइजेशन किया। कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट और बड़े डेयरी प्लांट स्थापित किए। खेलों में अंतरराष्ट्रीय ट्रेनर बुलाकर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया। गरीब महिलाओं और श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू कीं। उन्होंने कहा “जब एक्सप्रेसवे का नाम भी नहीं था, तब समाजवादियों ने विज़न दिया था।”
भाजपा बिहार में चुनाव हार रही है…

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव को लेकर कहा“बिहार में चुनाव भाजपा हार रही है, और “डबल इंजन की सरकार विकास नहीं बल्कि भावनाओं के सहारे राजनीति कर रही है। लाल किले के पास हाल की घटना को लेकर उन्होंने कहा “पूरे देश की इच्छा है कि आतंकवाद समाप्त हो। हम उम्मीद करते हैं कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।”इस दौरान शिवपाल सिंह यादव (राष्ट्रीय महासचिव),माता प्रसाद पांडेय (नेता विरोधी दल विधानसभा),राजीव राय (सांसद),पूर्व मंत्री बलराम यादव, अभिषेक मिश्र, राजेंद्र चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित विधायक और और प्रमुख नेता मौजूद थे।
2027 सिर्फ चुनाव नहीं… लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों की सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एसआईआर के माध्यम से साजिश कर वोटरों को मतदान से दूर रखने की कोशिश कर रही है, खासकर समाजवादी समर्थक मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं के पंजीकरण को अभियान की तरह चलाने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई है।
“भाजपा ने यूपी को जंगलराज में बदला”

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश जंगलराज में तब्दील हो गया है, जहां महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कानून-व्यवस्था ध्वस्त, महिलाएं असुरक्षित, जीएसटी से व्यापार प्रभावित, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट, किसान और नौजवान दोनों परेशान। उन्होंने कहा कि भाजपा की सत्ता हटने के बाद ही राज्य में खुशहाली और विकास लौटेगा।
