EVM से वोट को बताया अनकांस्टीट्यूशनल,अमेरिका में भी बैलेट पेपर से वोटिंग
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 1857 की क्रांति की महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि “वीरांगना अवंतीबाई लोधी जी का सम्मान सभी को करना चाहिए, और सरकार के लोगों को विशेष इसलिए करना चाहिए क्योंकि संसाधन उन्हीं पर हैं।”
टेक्नोलॉजी इतनी फुलप्रूफ हो, जिससे बेईमानी ना हो

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “टेक्नोलॉजी इतनी फुलप्रूफ हो, जिससे बेईमानी ना हो सके। मगर, यहां EVM से बेइमानी हो रही है। बोले, जर्मनी की कोर्ट ने कहा है कि अगर EVM से वोट पड़ेंगे, तो यह अनकांस्टीट्यूशनल होगा। जर्मनी और अमेरिका में भी बैलेट पेपर से वोट पड़ते हैं।”बोले, “जबसे भारतीय जनता पार्टी आई है। इसके बाद से सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा बढ़ा है। फर्जी कामों की संख्या में इजाफा हुआ है।
भाजपा की कोई विचारधारा नहीं, सिर्फ सत्ता

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “बीजेपी की कोई विचारधारा नहीं है उनकी सिर्फ एक विचारधारा है। वह कुर्सी पर बने रहना। बीजेपी विपक्ष को दुश्मन मानती है, इन्हें शामिल करने या अपनाने की सोच नहीं है।”
भाजपा की हर सड़क में गड्ढे

पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि “बीजेपी की हर सड़क में गड्ढे हैं। इनके हर एक्सप्रेसवे टूट गए हैं। क्योंकि, बीजेपी ने भ्रष्टाचार किया है। सोचिए लालकिले से किसकी तारीफ़ कर रहे थे।”अखिलेश यादव के इन बयानों ने प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा कर दी है।
