सपा प्रमुख ने कहा – तिर्वा में बनेगा देश का सबसे बेहतरीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अंतरराष्ट्रीय मैच फ्री दिखाएगी सपा सरकार
कन्नौज/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए युवाओं,खिलाड़ियों और आम जनता से जुड़े कई बड़े वादे किए। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर तिर्वा में देश का सबसे आधुनिक और बेहतरीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर कन्नौज के लोगों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच बिल्कुल मुफ्त दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं के सपनों और उनकी प्रतिभा को पहचानती है।
SIR और वोटर लिस्ट को लेकर बीजेपी पर निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर भाजपा नई पीढ़ी को उलझाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को न नौकरी दे पा रही है, न रोजगार, इसलिए उन्हें वोटर लिस्ट जैसे मुद्दों में फंसाया जा रहा है।
फिल्म, ओटीटी और अभिव्यक्ति की आज़ादी का मुद्दा
उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चलने वाली फिल्मों और सीरियल्स को सरकार की अनुमति से ही रिलीज किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चाहती है कि अगर कोई सत्ता के पक्ष में बोले तो सुरक्षित रहे और अगर खिलाफ बोले, तो फंसा दिया जाए। यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी पर सीधा हमला है।
‘बीजेपी को हिंसा से फायदा’ का आरोप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को समाज में हिंसा फैलने से राजनीतिक लाभ मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऐसी परिस्थितियां पैदा की जाती हैं, जिससे जनता असली मुद्दों से भटक जाए।
पीएम की सुरक्षा को नहीं है कोई खतरा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री को कोई खतरा नहीं है, बल्कि भाजपा ने देश के सामने खतरे खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 500 मिलियन डॉलर का व्यापार देश के हितों के खिलाफ सौंप दिया गया।
विकास और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा ‘विकसित भारत’ की बात करती है, लेकिन हाल यह है कि सड़क के गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में करीब एक लाख लोग गायब हैं और सरकार इस पर आंख मूंदे बैठी है।
PDA पर भरोसा, साजिशों से सतर्क रहने की अपील
उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज जागरूक है और किसी भी साजिश या षड्यंत्र का हिस्सा नहीं बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने का आह्वान किया। अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने जितना काम पहले किया है, आने वाली सरकार में उससे कहीं ज्यादा काम करने का संकल्प लिया गया है।
यूपी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल, अपराधियों का राज
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। हत्या, लूट, बलात्कार, ठगी और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह जीरो साबित हो गया है।महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर पहुंच गया है। राजधानी लखनऊ में ही रोजाना कई आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। हाथरस में दिनदहाड़े सेना के जवान की हत्या, सरोजनीनगर में अपहरण व लूट और गोमतीनगर में महिलाओं से लूट जैसी घटनाएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं।
एक लाख से अधिक लोग यूपी से गायब
उन्होंने दावा किया कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में 1 लाख 8 हजार से अधिक लोग लापता हो चुके हैं, जिनकी रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों और लफ्फाजी के सिवाय कुछ नहीं कर रही है और प्रदेश में आम जनता, महिलाएं, बच्चे, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
