बरेली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार (13 नवंबर 2025) को बरेली पहुंचेंगे। इस दौरान वे पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से मुलाकात करेंगे। सपा सूत्रों के अनुसार, यह दौरा संगठन को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सक्रिय करने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है। सपा प्रमुख सुबह 10:30 बजे लखनऊ के नोक एयरपोर्ट से बरेली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वह11.30 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके सरकारी कार्यक्रम के मुताबिक यहां से 11:45 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य के निवास पर उनके नव वधू भाई और भाभी, पार्टी के प्रदेश महासचिव की बेटी और पूर्व विधायक सुल्तान बेग के भाई सुलेमान बेग की बेटी के शादी समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद भोजीपुरा विधानसभा से विधायक शहज़िल इस्लाम, प्रो.वसीम बरेलवी और पूर्व सांसद एवं पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के घर जाएंगे। स्थानीय नेताओं के घर जाएंगे। पार्टी के जिला और महानगर संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आगामी चुनाव और भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों पर चर्चा होगी।
किसानों और नौजवानों के मुद्दे पर बात संभव
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव इस दौरे में किसानों, बेरोज़गार युवाओं और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। हाल ही में उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली दरें, पुलिसिया कार्रवाई और रोजगार संकट पर सपा लगातार हमलावर रही है। ऐसे में बरेली का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा भरने का संकेत माना जा रहा है।
बरेली मंडल में सपा की तैयारी तेज़
बरेली की 9 विधानसभा सीटों में से पिछले चुनाव में सपा ने पिछले चुनाव में दो सीट जीती थीं। अब पार्टी स्थानीय समीकरणों को मजबूत करने के लिए क्षेत्रीय समीकरणों और समाजवादी विचारधारा को केंद्र में रखकर काम कर रही है। बरेली और आस-पास के जिलों में पीडीए के सहारे बड़ी जीत की तैयारी है।
सियासी सरगर्मियां तेज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बरेली दौरा भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए भी सियासी संकेत माना जा रहा है। भाजपा इस दौरे पर निगाह रखे हुए है, वहीं कांग्रेस और सपा के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में जोरों पर है।।अखिलेश यादव के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रूट चार्ट फाइनल किया जा रहा है और संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है।
