बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) का 23वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को अटल सभागार में आयोजित होगा। यह समारोह कई मायनों में ऐतिहासिक रहेगा, क्योंकि पहली बार मंच पर दो राज्यपाल एक साथ मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि होंगी, जबकि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, जो विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र भी हैं, को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
पहली बार मिलेगा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’
विश्वविद्यालय ने इस वर्ष से एक नई परंपरा की शुरुआत की है, ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’। यह पुरस्कार शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों और पूर्व छात्रों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई थी। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को यह सम्मान विश्वविद्यालय की स्थापना, विकास और समाजसेवा में उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए दिया जाएगा। वे एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र और केंद्रीय श्रम मंत्री रह चुके हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बरेली और विश्वविद्यालय दोनों का गौरव बढ़ाया।
94 टॉपर छात्रों को स्वर्ण पदक, 111 को डिग्री
दीक्षांत समारोह में कुल 94 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 111 विद्यार्थियों को उपाधियाँ (डिग्रियाँ) प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, IIT रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव अहूजा, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, और प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि भी समारोह में शामिल होंगे।
दो राज्यपालों की मौजूदगी से बढ़ी सुरक्षा, विश्वविद्यालय में चाक-चौबंद इंतज़ाम

दोनों राज्यपालों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने विश्वविद्यालय परिसर को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया है।
दिल्ली ब्लास्ट की घटनाओं के मद्देनज़र पुलिस और खुफिया एजेंसियाँ अतिरिक्त सतर्क हैं। राज्यपालों की सुरक्षा टीम मंगलवार रात से ही परिसर में तैनात है।
जिला प्रशासन ने लायज़निंग अधिकारी नियुक्त किया है और सुरक्षा कर्मियों के ठहरने के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं।
दीक्षांत शोभायात्रा को लेकर कुलपति ने किया अधिकारियों को अलर्ट
दीक्षांत समारोह से पहले बुधवार दोपहर 3 बजे शोभायात्रा का रिहर्सल हुआ। मुख्य समारोह गुरुवार सुबह 11 बजे अटल सभागार में प्रारंभ होगा। कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों से समय पर उपस्थिति और अनुशासन का पालन करने की अपील की है।
ड्रेस कोड तय-परंपरा और अनुशासन का प्रतीक
समारोह में भाग लेने वाले सभी सदस्यों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। इसमें पुरुष बंद गले का ऑफ व्हाइट कोट-पैंट। महिलाएँ लाल बॉर्डर वाली ऑफ व्हाइट साड़ी और लाल ब्लाउज पहनेगी। ठंड की स्थिति में ऑफ व्हाइट कोट या स्वेटर भी पहना जा सकेगा। होटल मैनेजमेंट विभाग के छात्र समारोह के दौरान गेस्ट हाउस प्रबंधन और आतिथ्य की जिम्मेदारी निभाएंगे।
राज्यपाल करेंगी पांच नई परियोजनाओं का उद्घाटन

दीक्षांत समारोह के अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विश्वविद्यालय की पाँच नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगी।
इनमें सबसे प्रमुख कृषि संकाय (Faculty of Agriculture) है, जिसमें B.Sc (Hons) Agriculture और M.Sc (Agronomy, Horticulture, Genetics & Plant Breeding) जैसे छह नए विभाग प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा, प्रयोगशालाओं और भवन विस्तार कार्यों का भी शुभारंभ किया जाएगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय का गौरवशाली क्षण
विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह समारोह गौरव और प्रेरणा का क्षण माना जा रहा है। कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने मीडिया से कहा “यह आयोजन शिक्षा, शोध और समाज सेवा के क्षेत्र में नई परंपराओं की शुरुआत करेगा। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को सम्मानित करना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है।”
