डॉ. लोहिया और बाबा साहब के विचारों से ही होगा सामाजिक न्याय का रास्ता, भाजपा, बसपा, भीम आर्मी के कई नेता सपा में शामिल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए भाजपा, बसपा और भीम आर्मी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेता और समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने शनिवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने नेताओं को पार्टी में शामिल कराया और कहा “इन नए साथियों के आने से पीडीए की लड़ाई मजबूत होगी और सामाजिक न्याय की स्थापना में मदद मिलेगी। हम सब मिलकर डॉ. लोहिया, बाबा साहब अंबेडकर और नेताजी के विचारों को आगे बढ़ाएंगे।”

इन नेताओं ने थामा सपा का झंडा

समाजवादी पार्टी की सदस्यता राजेन्द्र कुमार कनौजिया, सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक, सेंट्रल बैंक (कन्नौज), अमर पाल सिंह, सेवानिवृत्त अपर जिला कृषि अधिकारी (कन्नौज),विजय यादव, निर्दलीय प्रत्याशी (डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर), देवेन्द्र कुशवाहा उर्फ बबलू, पूर्व भाजपा नेता (भाटपार रानी, देवरिया), श्याम लाल बिंद और निगुर्ण बिंद, (गाजीपुर), नदीम अशरफ जायसी, जायस के प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े, विभिन्न दलों में प्रमुख पदों पर रहे। रणवीर सिंह गौतम (अहिरवार), पूर्व बुंदेलखंड प्रभारी, भीम आर्मी (जिला महोबा) इनके साथ भाजपा, बसपा और भीम आर्मी से कई अन्य स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी समाजवादी परिवार का हिस्सा बने।
पूर्वांचली समाजवाद’ पुस्तक भेंट, गीतों से गूंजा मुख्यालय

कार्यक्रम के दौरान चंदौली के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने अपनी पुस्तक ‘पूर्वांचली समाजवाद’ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेंट की।
इस मौके पर सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से लोकप्रिय समाजवादी गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा माहौल समाजवादी जोश से भर गया।
अखिलेश यादव के प्रमुख बयान

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर तीखे बयान दिए, “धनतेरस और दीपावली की बहुत -बहुत शुभकामनाएं, सबके जीवन में खुशहाली और समानता आए।”PDA लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, बड़ी संख्या में लोग समाजवादी आंदोलन से जुड़ रहे हैं। ये भेदभाव का झगड़ा 5 हजार साल पुराना है, शिक्षा में भेदभाव नहीं होना चाहिए। हमारी कोशिश होगी कि PDA सरकार बनाकर सामाजिक न्याय की स्थापना करे। सरकार बहुत दिनों से चल रही है, फुस्स फुलझड़ी से क्या उम्मीद करोगे, जब बिजली बनाई ही नहीं तो देंगे कहां से आएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार में स्टार प्रचारक नहीं, स्टार विभाजक बनकर गए हैं। सांप्रदायिक लोगों को बिहार के लोग स्वीकार नहीं करेंगे। बोले – सबसे ज्यादा अवैध निर्माण यूपी में हो रहे हैं, सबमें भाजपा के लोग शामिल हैं। हम समाजवादी लोग बुल और बुलडोजर के खिलाफ हैं। समाजवादी सरकार बनेगी तो एक करोड़ दीये खरीद लेंगे! इन बयानों ने कार्यक्रम को न केवल राजनीतिक ऊर्जा दी, बल्कि आने वाले चुनावी परिदृश्य पर भी संकेत छोड़ दिए।
यह नेता मौजूद

इस कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ समाजवादी नेता और विधायक मौजूद रहे। इसमें राजेन्द्र चौधरी (राष्ट्रीय सचिव), प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, शाहिद मंजूर, आशु मलिक, पूर्व विधायक अनवर आरिफ हाशमी, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, विनीत कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
