फरीदपुर तहसील में 69 शिकायतें दर्ज, 6 का निस्तारण मौके पर, डीएम ने मांगा फीडबैक
बरेली : जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील फरीदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम अविनाश सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया डीएम ने कहा कि अधिकारी शिकायतों के निस्तारण को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें, ताकि जनता को न्याय समय पर मिल सके।

लेखपालों को सख्त निर्देश-पैमाइश निष्पक्षता से करें, किसी का हक न मारा जाए

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि लेखपाल अपने पैमाइश कार्य में नियमानुसार और निष्पक्षता के साथ काम करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि “किसी गरीब और कमजोर व्यक्ति के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र केवल पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही जारी किए जाएं, ताकि कोई गलत प्रमाणपत्र जारी न हो सके।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को राशन कार्ड वितरित

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 17 महिलाओं को सांकेतिक रूप से राशन कार्ड वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि “शासन की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।”

स्थलीय निरीक्षण और फीडबैक लेने के निर्देश
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करें और शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि“सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर न रहने दिए जाएं। संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें।”
बीएलओ को निर्देश- वोटर लिस्ट में निष्पक्षता अनिवार्य
डीएम ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर्स) को भी सख्त निर्देश दिए कि वे वोटर लिस्ट बनाते समय किसी भी प्रकार के दबाव या पक्षपात से मुक्त होकर नियमानुसार कार्य करें। संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
