लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि “भाजपा जब से सत्ता में आई है, तबसे किसान सबसे ज़्यादा परेशान है, न उसे खाद मिल पा रही है, न बीज, और न ही फसलों का सही मूल्य।”
भाजपा राज में किसानों की हालत बदतर: सपा प्रमुख
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई के कारण खेती की लागत बढ़ गई है, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समय पर किसानों को डीएपी, यूरिया और अन्य खाद उपलब्ध नहीं करा पाई। “किसान घंटों लाइनों में खड़े रहते हैं, कई जगह लाठीचार्ज हुआ, कुछ किसानों की तबियत बिगड़ी, यहां तक कि मौतें भी हुईं, लेकिन संवेदनहीन भाजपा सरकार ने कोई सुध नहीं ली,”
कालाबाज़ारी-मुनाफाखोरी चरम पर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गेहूं, आलू, चना और मटर जैसी फसलों के लिए किसानों को खाद की ज़रूरत है, लेकिन सरकार की तैयारी शून्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कालाबाज़ारी और मुनाफाखोरी चरम पर है। “किसान अपनी मेहनत से फसल पैदा करता है, पर भाजपा सरकार में उसे लागत मूल्य तक नहीं मिलता। आलू, गन्ना, धान, गेहूं के किसान ठगा महसूस कर रहे हैं। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि उसकी मुसीबत दोगुनी हो गई है।”
बिचौलिए फल-फूल रहे, किसान आत्महत्या को मजबूर
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में बिचौलिए फल-फूल रहे हैं, और किसान आत्महत्या के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश का किसान भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगा।
वाराणसी मंडल में समाजवादियों के साथ भेदभाव
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि वाराणसी मंडल के जिलाधिकारियों द्वारा एमएलसी स्नातक (Form-18) और शिक्षक निर्वाचन (Form-19) के आवेदन केवल सत्ता पक्ष समर्थकों से ही बल्क में स्वीकार किए जा रहे हैं,जबकि समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्षों और समर्थकों से इनकार किया जा रहा है। सपा नेताओं ने इसे “असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक” बताते हुए कहा कि इससे निर्वाचन की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। पार्टी ने मांग की है कि सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि वे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी बल्क में आवेदन स्वीकार करें, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक तरीके से सम्पन्न हो सके। यह ज्ञापन सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से के.के. श्रीवास्तव और राधेश्याम सिंह ने सौंपा। इसके साथ ही सपा सांसद वीरेन्द्र सिंह ने भी आयुक्त, वाराणसी मंडल को इस संबंध में शिकायत दी है।
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बधाई
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा “महर्षि वाल्मीकि जी रामायण जैसी कालजयी कृति के रचयिता हैं। उन्होंने समाज को सत्य, कर्तव्य और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी सबके लिए प्रेरणा हैं।”
