बरेली : यूपी के बरेली में 26 सितंबर को “I Love Muhammad” पोस्टर विवाद से शुरू हुए बवाल के बाद अब शहर से एक राहत भरी ख़बर सामने आई है। दरगाह-ए-आला हजरत, जो कुछ दिनों से सन्नाटे में डूबी थी, अब फिर से रौनक से भर उठी है। जायरीन लौट आए हैं, दरगाह की गलियां फिर से गुलज़ार होने लगी हैं, और शहर का माहौल अमन के रंग में रंग गया है।
जानें पूरा मामला
कानपुर में आई लव मुहम्मद पोस्टर के विवाद के बाद कार्रवाई को लेकर 26 सितंबर को अचानक शहर का माहौल बिगड़ गया था। प्रशासन ने इजाज़त नहीं दी थी, लेकिन कुछ लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना के बाद शहर में तनाव फैल गया, इंटरनेट सेवा भी रोकनी पड़ी थी, और दरगाह इलाके में सन्नाटा छा गया। इस मामले में पुलिस ने 10 एफआईआर दर्ज कर करीब 89 गिरफ्तारियाँ की। इनमें से 7 एफआईआर में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा खां का नाम शामिल है। एक और एफआईआर लियाक़त नाम के व्यक्ति ने दर्ज कराई है। इस केस में डॉ. नफ़ीस, नदीम ख़ां, फरहत ख़ां, जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन समेत 89 लोगों को जेल भेजा गया है।
कई आरोपियों की तलाश अब भी जारी
इस मामले में तमाम आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। 7 लोगों पर 15- 15 हजार का इनाम घोषित किया गया है। इसके अलावा बीडीए और प्रशासन ने डॉ. नफ़ीस के अवैध निर्माण और अन्य इमारतों को ध्वस्त या सील किया है।

अमन की दुआओं से लौट आई दरगाह की रौनक
10 दिन बाद, सोमवार से दरगाह -ए-आला हजरत की गलियां फिर से “या रसूल अल्लाह” की सदा से गूंज रही हैं। जहां पहले सन्नाटा पसरा था, वहां अब फूल बेचते बच्चे, चादर चढ़ाते जायरीन और दुआ मांगते लोग दिख रहे हैं। एक दुकानदार ने बताया “इतना सन्नाटा हमने कभी नहीं देखा था। बवाल के बाद लगा जैसे सब रुक गया हो, लेकिन अब अलहम्दुलिल्लाह, फिर से रौनक लौट आई है। हम रोज़ बरेली और मुल्क के अमन की दुआ करते हैं।” दरगाह के भीतर और आसपास अब जायरीन बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं,कोई ज़ियारत के लिए, कोई अपने परिवार संग शांति की दुआ मांगने।

बरेली की पहचान- “इल्म, मोहब्बत और अमन”
बरेली ने जिस अमन और मोहब्बत के लिए हमेशा पहचान बनाई, वही अब फिर से नज़र आ रहा है। दरगाह आला हजरत का पैग़ाम आज भी वही है “इल्म, मोहब्बत और अमन।” इस बवाल ने कुछ समय के लिए बरेली की पहचान को धुंधला जरूर किया, लेकिन अब शहर फिर से उठ खड़ा हुआ है। लोग कह रहे हैं “अमन रहेगा तो बरकत रहेगी।”
