सहारनपुर में खनन माफिया से वसूली का खेल बेनकाब, रजिस्टर में लिखते पकड़े गए रिश्वत का हिसाब!
सहारनपुर/लखनऊ : यूपी के सहारनपुर जिले में खनन से जुड़े अवैध वसूली के मामले ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दरोगा और सिपाही रिश्वत के नोट गिनते और रजिस्टर में हिसाब लिखते नजर आए। वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक, थाना चिलकाना क्षेत्र के पठेड चौकी प्रभारी दरोगा संदीप कुमार और सिपाही सहदेव सिह डंपर वाहनों से अवैध वसूली कर उसे रजिस्टर में लिखते पकड़े गए। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने जांच कराई और थाना प्रभारी चन्द्रसेन सैनी को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया।
डंपरों से वसूली का हिसाब-किताब कॉपी में
पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने मीडिया को बताया कि वीडियो में साफ दिख रहा था कि डंपरों से वसूली कर उसका हिसाब-किताब कॉपी और पेन से दर्ज किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कड़ी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है जो जल्द ही रिपोर्ट सौंपेगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह मामला अब पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर बहस का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल होने के बाद जनता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी भ्रष्टाचार या अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
