बदायूं : सोमवार सुबह बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रहे तीन साइकिल सवार बच्चों को एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर है।
जानें कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र के सिलहरी गांव के पास दिल्ली हाईवे पर हुआ। थाना जरीफनगर क्षेत्र के फिरोजाबाद नरौटा गांव के रहने वाले प्रेमपाल के 11 वर्षीय बेटे अंकित और 12 वर्षीय बेटी अंशु, गांव के ही महीपाल की 12 वर्षीय बेटी खुशबू के साथ साइकिल से स्कूल जा रहे थे।
तेज़ रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
सुबह करीब 7:30 बजे तीनों बच्चे जैसे ही सिलहरी गांव के पास पहुंचे। एक तेज़ गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि तीनों बच्चे दूर जा गिरे और सड़क पर लहूलुहान हो गए। अंकित और अंशु की मौके पर ही मौत हो गई। खुशबू को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रशासन की प्रतिक्रिया।
गांव में मचा कोहराम
बदायूं के एसपी देहात कृष्णकांत सरोज ने बताया कि “सहसवान थाना क्षेत्र में तीन स्कूली छात्रों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। दो की मौके पर मौत हो गई है,एक बच्ची की हालत नाज़ुक है। वाहन की तलाश की जा रही है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृत बच्चों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव, स्कूल और स्थानीय प्रशासन भी इस हादसे से स्तब्ध है।
