ग्रेटर नोएडा: नाली के विवाद के चलते चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना जारचा थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें चाचा अजय पाल और उनके भतीजे दीपांशु भाटी की अस्पताल में मौत हो गई। इसी दौरान एक अन्य युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। इसके बाद एक पक्ष ने गुस्से में फायरिंग कर दी। आरोपियों ने स्विफ्ट और थार कार से मौके से भागने की कोशिश की।
घायलों को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने चाचा-भतीजे को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक की हालत गंभीर है। घटना से नाराज परिजनों ने जीटी रोड पर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटा। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ नाली से जुड़ी है। 19 अक्टूबर को भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था। अजय पाल और उनके पड़ोसी प्रिंस भाटी के बीच अक्सर नाली को लेकर तकरार होती रहती थी। रविवार को भी कहासुनी हुई, और सोमवार सुबह प्रिंस भाटी ने अपने मामा के यहां से कुछ लोगों को बुलाया। वे थार और स्विफ्ट में आए और लाठी-डंडे और हथियार लेकर अजय पाल के घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब अजय पाल और उनका परिवार विरोध करने के लिए बाहर निकला, तो प्रिंस भाटी के लोग उन पर फायरिंग करने लगे। घटना में आठ राउंड गोलियां चलीं। अजय पाल और दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की।
डीसीपी साद मिया खान ने बताया कि आरोपियों प्रिंस भाटी, बॉबी तोमर और मनोज नागर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।
