करूर / चेन्नई/ नई दिल्ली: तमिलनाडु के करूर में रविवार को अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की रैली में भगदड़ की घटना में 39 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 90 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अभिनेता विजय ने जताया गहरा दुख
घटना के तुरंत बाद करूर से चेन्नई पहुंचे अभिनेता और टीवीके नेता विजय ने इस घटना पर शोक जताया। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा, “करूर में कल जो कुछ हुआ, वह कल्पना से परे है। उसके बारे में सोचते ही मेरा दिल और दिमाग गहरे बोझ से दब जाते हैं। अपने प्रियजनों को खोने के असीम दुख के बीच, मेरे पास अपने हृदय की पीड़ा को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।” विजय ने आगे कहा कि घायल सभी लोगों को पार्टी द्वारा हर तरह का सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने प्रार्थना की कि घायल शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटें।
पीएमओ ने मुआवजे का एलान
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
