मृतक का फाइल फोटो
शाहजहांपुर : भाईदूज के दिन एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चाइनीज मांझे ने एक युवक की जान ले ली। वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में गले में मांझा फंस गया। देखते ही देखते उसका गला कट गया और बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। यह हादसा रोजा थाना क्षेत्र के हांडा पुल के पास हुआ।
मृतक की पहचान नगला जाजू निवासी 25 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई है। वह पत्नी मोनी के साथ लखीमपुर स्थित ससुराल जा रहा था। अचानक चलते वक्त गले में मांझा फंस गया। रवि ने बाइक रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गया। पत्नी भी दूर जा गिरी। मोनी ने बताया कि रवि के गले से लगातार खून बह रहा था, उसने बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन कुछ ही देर में रवि ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी मोनी ने बताया कि वह सुबह घर से भाईदूज मनाने निकले थे और चार महीने के बेटे को घर ही छोड़ दिया था, क्योंकि शाम तक लौटने का इरादा था।
रवि के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझे पर रोक के बावजूद इसका खुलेआम कारोबार जारी है, जिससे लोगों की जान जा रही है। प्रशासन अगर सख्ती बरतता तो आज रवि जिंदा होता। परिवार ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि युवक की गर्दन मांझे से कटने से मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में गम और आक्रोश दोनों का माहौल है।
