22 जुलाई से मध्य प्रदेश में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
बरेली : यूपी के बरेली जिला फुटबॉल संघ (BDFA) को गर्व है कि शहर के तीन होनहार खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश की अंडर-16 फुटबॉल टीम में जगह बनाकर जनपद का नाम रोशन किया है। ये चयन आगामी नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप (Under-16) के लिए हुआ है, जो 22 जुलाई 2025 से मध्य प्रदेश में आयोजित की जाएगी।
मेरठ में हुआ चयन
इन खिलाड़ियों का चयन 6 जुलाई 2025 को मेरठ में आयोजित U.P. Team Trial Camp में किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश भर के युवाओं ने हिस्सा लिया। चयन शारीरिक फिटनेस, स्किल लेवल, और अनुशासन के आधार पर किया गया।
लखनऊ के साईं में ट्रेनिंग
मध्य प्रदेश में 22 जुलाई से आयोजित नेशनल चैंपियनशिप के लिए बरेली के फुटबॉल खिलाड़ी प्रांजल कुमार, आदित्य यादव और अमित कुमार का चयन हुआ है। इन तीनों खिलाड़ियों को अब Sports Authority of India (SAI), लखनऊ में फाइनल ट्रेनिंग के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके बाद 17 जुलाई 2025 तक भोपाल के लाल परेड स्टेडियम पहुंचना होगा। जहां से वे उत्तर प्रदेश टीम के साथ नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेंगे।
एकेडमी और कोचिंग ने निभाई मुख्य भूमिका
ये तीनों खिलाड़ी बरेली स्थित V.V.N. Football Academy के प्रशिक्षु हैं। इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने का श्रेय जाता है कोच विवेकानंद (NIS Certified Coach) को, जिन्होंने मेहनत, अनुशासन और तकनीकी मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाया।
