पीलीभीत : पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान वार्ड नंबर-2 में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस की मौजूदगी में ही दबंगों ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार पर हमला कर दिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आते ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शिकायत पर पहुंची पुलिस के सामने बढ़ा बवाल
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आशीष गुप्ता की शिकायत पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे। लेकिन आरोप है कि इसी दौरान दबंग पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती रही, जबकि पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में असहाय नजर आए।
पुराना विवाद बना हिंसा की वजह
पीड़ित आशीष गुप्ता का पड़ोसियों संजीव कुमार उर्फ संजय जायसवाल, अनमोल, कार्तिक और विमल जायसवाल से लंबे समय से विवाद चल रहा है। शिकायत में आरोप है कि आरोपी पक्ष रंजिश रखते हुए आए दिन गाली-गलौज और झगड़ा करता था। 21 मई की सुबह विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
धमकी और जांच के आदेश, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
