रांची/लखनऊ : झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले कांवड़ियों की बस गैस सिलेंडर ले जा रहे वाहन से टकरा गई। हादसा मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया फॉरेस्ट एरिया में तड़के 4:30 बजे हुआ। इस भीषण टक्कर में पांच कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें देवघर के निकटवर्ती सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
देवघर में श्रावणी मेला, कांवड़ियों की भारी भीड़
सावन महीने में देशभर से लाखों श्रद्धालु झारखंड के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचते हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां कांवड़ यात्रा पर आते हैं। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन अलर्ट पर, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
अस्पतालों को किया हाई अलर्ट
दुमका जोन के आईजी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिस और राहत दल मौजूद है। घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन ने सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है।
ट्रैफिक एसपी लक्ष्मण प्रसाद ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या 5 से अधिक हो सकती है।
