यूपी विधानसभा में सपा विधायकों का अनोखा विरोध कांवड़ और काले कपड़ों से सरकार पर निशाना
लखनऊ : यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सपा विधायकों ने अपने अनोखे अंदाज से माहौल गरमा दिया। मेरठ के सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान कांवड़ लेकर विधानसभा पहुंचे। इस पर एक तरफ लिखा था “हमें चाहिए पाठशाला” और दूसरी तरफ “हमें नहीं चाहिए मधुशाला”। वहीं, सपा विधायक सचिन यादव काले कपड़े पहनकर सदन में पहुंचे। इस पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आत्महत्या जैसे शब्द लिखे थे।
अतुल प्रधान का शिक्षा को लेकर सवाल
विधायक अतुल प्रधान ने कांवड़ के जरिए यूपी में सरकारी स्कूलों के मर्जर का विरोध किया और कहा “सरकारी स्कूलों को बंद करने का नियम किसने बनाया? गरीब, मजदूर और छोटे व्यापारियों के बच्चे यहां पढ़ते हैं। उन्हें शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए।”कांवड़ के एक छोर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर और दूसरे छोर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया की तस्वीर थी।
सचिन यादव का बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर वार
सपा विधायक सचिन यादव काले कपड़ों में विधानसभा पहुंचे। उनके कपड़ों पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और आत्महत्या जैसे मुद्दे लिखे थे। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता की समस्याओं पर आंखें मूंदे बैठी है, और युवाओं का भविष्य अंधकार में है।
