फतेहपुर बेरी के आया नगर में जिम के बाहर वारदात, जेल में बंद दीपक के चचेरे भाई विजय को मारी गई गोलियां; पुलिस ने शुरू की जांच
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली में गैंगवॉर एक बार फिर खूनी रूप लेती नजर आ रही है। फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह दिनदहाड़े जिम ट्रेनर विजय की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। विजय को जेल में बंद दीपक का चचेरा भाई बताया जा रहा है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जिम के बाहर दिनदहाड़े हत्या
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे आया नगर के भूभोलिया इलाके में स्थित परफेक्ट जिम के बाहर विजय पर हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर बेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोल और एक कारतूस बरामद किया है।
नवंबर में हुई थी गैंगवॉर की शुरुआत
बताया जा रहा है कि इस गैंगवॉर की शुरुआत पिछले साल नवंबर में हुई थी। उस दौरान दीपक ने अरुण की अंधेरिया मोड़ स्थित सीडीआर चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात में दो दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने दीपक और उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद बदले की कार्रवाई में अरुण के फरीदाबाद निवासी मामा ने आया नगर में दीपक के पिता रतनलाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया कि रतनलाल पर करीब 72 गोलियां चलाई गई थीं। अब इसी गैंगवॉर की कड़ी में दीपक के चचेरे भाई विजय की हत्या ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
पुरानी रंजिश से जुड़ी है गैंगवॉर की कड़ी
बताया जाता है कि दीपक और अरुण एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि अरुण ने गांव में एक बार दीपक की पिटाई की थी और उसकी बेइज्जती भी की थी। इस मामले में अरुण के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में इसी रंजिश का बदला लेने के लिए दीपक ने अंधेरिया मोड़ के सीडीआर चौक पर अरुण की हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बदले की कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ता गया।
फरीदाबाद तक जुड़े गैंगवॉर के तार
विजय की हत्या के बाद इस गैंगवॉर के तार फरीदाबाद से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले अरुण के फरीदाबाद निवासी मामा द्वारा दीपक के पिता रतनलाल की हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। अब पुलिस विजय की हत्या को भी इसी पुरानी गैंगवार से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया, हमलावर कौन थे और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के अलावा कोई अन्य वजह तो नहीं थी।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद दक्षिण दिल्ली में पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीमों को आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या के पीछे गैंगवॉर की पुरानी रंजिश कितनी अहम है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
