बरेली: दिवाली की तैयारियों के बीच बिजली उपभोक्ताओं को झटका लगा है। शहर में नए बिजली कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके चलते 1 किलोवाट कनेक्शन की फीस अब 2000 रुपये के बजाय 6016 रुपये तक हो गई है। पहले शहरी क्षेत्र में यह शुल्क लगभग 2000 रुपये और ग्रामीण क्षेत्रों में 1100 रुपये था। शासन के नए आदेश के बाद ये बढ़ी हुई दरें तुरंत प्रभाव में आ गई हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने वालों को लगा झटका
जो लोग ऑनलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे थे, उन्हें तब हैरानी हुई जब जेई निरीक्षण रिपोर्ट के बाद फीस जमा करने का नोटिस मिला। भुगतान पेज पर ही बढ़ी हुई दरें दिखीं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि स्मार्ट मीटर अब हर नए कनेक्शन के लिए अनिवार्य है और शुल्क में यह बढ़ोतरी शासन के आदेशानुसार की गई है।
धनतेरस पर बिजली गुल, बाजारों में अंधेरा
धनतेरस के दिन शहर के कई प्रमुख बाजारों में बिजली की बार-बार आने-जाने से ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी हुई।कुतुबखाना सबस्टेशन के आलमगिरीगंज और गली आर्य समाज क्षेत्र में सुबह 11 बजे से डेढ़ बजे तक सप्लाई बाधित रही।सिविल लाइंस तृतीय सबस्टेशन, सदर कैंट और रामपुर गार्डन में भी बिजली बाधित रही। जानकी फ्लैट लाइन पर शाम 7 से 8 बजे तक बिजली गुल रही, जबकि सनसिटी सबस्टेशन के पास ट्रांसफार्मर में तेल लीक होने पर शटडाउन कर सुधार किया गया। शाहदाना, डेलापीर और जगतपुर इलाके में फेस न आने और ट्रिपिंग की शिकायतें लगातार मिलती रहीं। कई दुकानदारों ने जनरेटर और इन्वर्टर का सहारा लिया, जबकि ग्राहक मोबाइल टॉर्च से खरीदारी करते नजर आए।
दिवाली पर कनेक्शन कटौती पर रोक
लखनऊ में बकाया बिल पर कनेक्शन काटने के मामले और संबंधित जेई के निलंबन के बाद बरेली बिजली विभाग ने भी सतर्कता दिखाई है। अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए तीन दिन तक किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
