शाहजहांपुर : मदनापुर कस्बा निवासी 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनके चचेरे भाई हर्षित और बहन स्वाति घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जलालाबाद जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक सौरभ नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह होली के मौके पर अपने घर मदनापुर आए हुए थे। रविवार को सौरभ अपने भाई हर्षित, बहन स्वाति और आदित्य के साथ कार से जलालाबाद जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मदनापुर-बुधवाना मार्ग पर उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी कार
बताया जा रहा है कि तेज गति के कारण सौरभ कार पर नियंत्रण नहीं रख पाए और कार सड़क से उतरकर पास के खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पलट गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को कार से बाहर निकाला।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मदनापुर थाने के इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। हादसे में सौरभ की मौत हो गई, जबकि आदित्य और स्वाति को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रील बनाने के दौरान हादसे की चर्चा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों से पुलिस ने जानकारी जुटाई। शुरुआती चर्चा में सामने आया है कि कार चलाते समय रील बनाने की कोशिश की जा रही थी, उसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।
