सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। कोतवाली मंडी क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाने के बीच डांस करते समय अचानक गोली चल गई। इस हादसे में 50 वर्षीय शिवचरण रोहिल्ला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब अग्रवाल धर्मशाला के पास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में वेद विहार निवासी नवीन उपाध्याय के यहां शादी समारोह चल रहा था। बताया जा रहा है कि डीजे पर ‘तमंचे पे डिस्को’ गाना बज रहा था और कुछ युवक नाच रहे थे। इसी दौरान एक युवक के हाथ में अवैध तमंचा था, जिससे अचानक फायर हो गया। गोली सीधे शिवचरण रोहिल्ला को जा लगी और वह वहीं गिर पड़े। गोली चलने के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला
घटना के तुरंत बाद परिजन और मौजूद लोग शिवचरण रोहिल्ला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फायरिंग करने वाला युवक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले में अभिनंदन सिंह, एसएसपी सहारनपुर ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार अवैध हथियारों के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में हथियार लाना कानूनन अपराध है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुशी के आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन न करें, क्योंकि जरा-सी लापरवाही किसी की जान ले सकती है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
