बरेली/शाहजहांपुर : यूपी के बरेली और शाहजहांपुर में शुक्रवार सुबह तीन अलग-अलग हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बरेली के अलीगंज और इज्जतनगर तथा शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र में हुई घटनाओं में बोर्ड एग्जाम देने जा रहे हैं एक हाईस्कूल छात्र, एक किसान और एक निजी कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और अज्ञात वाहनों की तलाश की जा रही है। स्टूडेंट की बाइक आवारा पशु से टकराने पर एक की मौत हो गई, तो वहीं दूसरा घायल है। दो दिन पहले भी मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की आवारा पशु के हमले से मौत हो गई थी।
परीक्षा देने जा रहे थे दोनों छात्र, एक की मौत, दूसरा घायल
बरेली देहात के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव आदपुर निवासी 16 वर्षीय मोहम्मद अमीन शुक्रवार सुबह अपने दोस्त पिंटू के साथ बाइक से हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे। उनका परीक्षा केंद्र चाचा नेहरू इंटर कॉलेज आंवला था। परिजनों के अनुसार लाहौरी पुल के पास अचानक दो पशु सड़क पर आ गए। जिसके चलते बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में अमीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और अमीन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। मृतक स्टूडेंट अमीन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मां नसरीन सदमे में हैं। गांव में शोक की लहर है, जो बेटा सपनों के साथ परीक्षा देने निकला था, वह घर वापस नहीं लौट सका।
शादी से लौट रहे किसान की दर्दनाक मौत
शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव नया गांव निवासी 35 वर्षीय दीपू गुरुवार शाम अपने भांजे की शादी में शामिल होकर ढकनी फरीदपुर से लौट रहे थे। पीलीभीत -बीसलपुर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीपू खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से एरिया मैनेजर की मौत
बरेली शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय नरेश यादव बुधवार शाम काम से घर लौट रहे थे। मिनी बाईपास स्थित विपिन अस्पताल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल नरेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। मगर, उनकी मौत हो गई। नरेश यादव एक दवा कंपनी में एरिया मैनेजर थे। वह अपने पीछे पत्नी चंदा, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
