लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में एक सप्ताह की भीषण उमस के बाद मानसून की अचानक वापसी ने राहत के साथ आफत भी ला दी। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे, तेज हवाओं और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते शहर अंधकारमय हो गया और कई इलाकों में जलभराव व अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सबसे बड़ा हादसा: छज्जा गिरा, युवक की मौत
विभूतिखंड के साइबर टावर में दर्दनाक हादसा हुआ, जब बारिश के दौरान एक छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर 22 वर्षीय रवि कुमार वर्मा की मौत हो गई। रवि, बाराबंकी निवासी था और कमता स्थित पत्थर की दुकान में काम करता था। घटना के समय वह बारिश से बचने के लिए नीचे खड़ा था। घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जलभराव और जाम ने बढ़ाई परेशानी
गोमती नगर, अलीगंज, हजरतगंज, अयोध्या रोड, बीकेटी, जानकीपुरम सहित कई इलाकों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। ताज होटल के पास सड़क पर जमा पानी से बाइकें और कारें बंद हो गईं, लोग घंटों फंसे रहे। गोमती नगर में एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से ट्रैफिक पूरी तरह जाम हो गया।
बिजली गुल, दुकानें पानी में डूबीं
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के तार टूटे और ट्रांसफॉर्मर जलने की खबरें भी आईं। बीकेटी में एक दुकान में पानी घुस जाने से हजारों का नुकसान हुआ। नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें पेड़ हटाने और नालों की सफाई में जुटी रहीं, लेकिन राहत कार्यों में काफी देरी देखी गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
IMD ने लखनऊ और आसपास के जिलों में अगले 4–5 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अब और सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि आगे नुकसान न हो।
