दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वर्षभर चलने वाले स्मरणोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने स्मारक डाक टिकट और विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया।
यह राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा। पूरे देश में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जनभागीदारी से जुड़े विविध आयोजन होंगे। मुख्य कार्यक्रम में देशभर के लोग सुबह 9:50 बजे वंदे मातरम के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता की आत्मा की अभिव्यक्ति है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों देशवासियों को प्रेरित किया।
वर्ष 2025 में ‘वंदे मातरम’ की रचना को 150 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। यह गीत बंकिमचंद्र चटर्जी ने 7 नवंबर 1875, अक्षय नवमी के दिन लिखा था। बाद में इसे उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ का हिस्सा बनाते हुए साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित किया गया।
