नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, उस समय भारत की आबादी करीब 50 करोड़ थी। आज पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। इसे देश की आर्थिक प्रगति का बड़ा उदाहरण बताते हुए पीएम ने कारोबारियों से गुणवत्ता सुधारने और वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की अपील की।
50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे देश की अर्थव्यवस्था में आए बदलाव और विकास की बड़ी उपलब्धि बताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के पास 140 करोड़ लोगों का विशाल बाजार है, लेकिन कारोबारियों और कंपनियों को केवल घरेलू बाजार के भरोसे नहीं रहना चाहिए। उन्हें अपनी गुणवत्ता सुधारकर दुनिया के बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की तैयारी करनी होगी।
भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी गुणवत्ता
प्रधानमंत्री ने कंपनियों की उस सोच पर सवाल उठाया, जिसमें विदेशों के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जबकि भारतीय बाजार के लिए अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता वाले सामान उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए। कंपनियों को दूसरे देशों की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझकर अपने उत्पाद तैयार करने चाहिए, ताकि वैश्विक बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ सके। पीएम मोदी ने रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि उत्पाद ऐसे होने चाहिए, जो ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप हों और इस्तेमाल में आसान हों।
रिफॉर्म एक्सप्रेस और विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार रिफॉर्म एक्सप्रेस के माध्यम से लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कारोबारियों से अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव बिना झिझक सरकार के सामने रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कारोबारियों के साथ खड़ी है। पीएम मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को केवल नारा नहीं, बल्कि संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि हमें 100 साल का इंतजार करने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अगले 10 साल में देश के विकास के लिए हम क्या योगदान दे सकते हैं।
