Pilibhit News : शिकायत के बाद भी नहीं हटी शराब की दुकान, गुस्साई महिलाओं ने सड़क पर बहा दी लाखों की शराब
मंदिर के पास शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, करीब 9 लाख रुपये के नुकसान का दावा
पीलीभीत : जिले के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के ललौरीखेड़ा गांव में शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब कई बार शिकायत करने के बावजूद दुकान नहीं हटाई गई। नाराज महिलाओं ने शराब की दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और बड़ी मात्रा में शराब सड़क पर फेंक दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मंदिर के पास दुकान होने का महिलाओं ने किया विरोध

ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव के मंदिर के पास संचालित शराब की दुकान के कारण आए दिन सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। शराब पीने वाले लोग सड़क पर गंदगी फैलाते हैं और महिलाओं व बच्चों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। कई बार अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शराबी पतियों की आदत से परेशान महिलाएं हुईं आक्रोशित
महिलाओं का कहना है कि गांव के कई परिवार शराब की वजह से बर्बाद हो रहे हैं। शराब की लत के चलते घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं और परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते महिलाएं खुद सड़क पर उतर आईं।
दुकान में तोड़फोड़, सड़क पर फेंकी शराब की पेटियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाओं ने शराब की दुकान में घुसकर अंग्रेजी और देसी शराब की बोतलें तथा पाउच की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं। कई बोतलें मौके पर ही तोड़ दी गईं। घटना के दौरान दुकान को भी नुकसान पहुंचा।
करीब 9 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
जानकारी के मुताबिक दुकान में करीब साढ़े आठ लाख रुपये की देसी शराब और लगभग पचास हजार रुपये की अंग्रेजी शराब मौजूद थी। प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 9 लाख रुपये के माल का नुकसान हुआ है।
महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि शराब पीने के बाद लोग खाली बोतलें, गिलास और अन्य कचरा सड़क पर फेंक देते हैं। कई बार शराबी सड़क किनारे अभद्र हरकतें करते हैं, जिससे महिलाओं और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिलाओं को शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि इससे पहले माधोटांडा क्षेत्र के बूंदीभूड़ गांव में भी महिलाओं ने शराब की दुकान के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया था। वहां भी महिलाओं ने दुकान में घुसकर शराब की पेटियां तोड़ दी थीं और पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई थी।
महिलाओं की चेतावनी
गांव की महिलाओं ने साफ कहा है कि वे किसी भी कीमत पर गांव में शराब की दुकान संचालित नहीं होने देंगी। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
