शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने हुआ हादसा, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बैंककर्मी की मौत हो गई। शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने अचानक सड़क पर आए सांड़ से बाइक टकरा गई। हादसे में 28 वर्षीय अर्पित गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव लौटते समय हादसे का शिकार हुए अर्पित
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव रौतापुर निवासी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके 28 वर्षीय अविवाहित पुत्र अर्पित गुप्ता बीसलपुर स्थित एचडीएफसी बैंक में लिपिक के पद पर तैनात थे।शुक्रवार रात अर्पित बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बीसलपुर के पूर्वी किनारे पर शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने अचानक सड़क पर सांड़ आ गया। अर्पित की बाइक सांड़ से टकरा गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की जानकारी मिलते ही बैंक के कर्मचारी और परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल अर्पित को बरेली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्पित की मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार सुबह शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता श्रवण कुमार गुप्ता, मां मीरा देवी गुप्ता और भाई अमन कुमार गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार को अर्पित गुप्ता का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। हादसे से परिवार के साथ बैंककर्मी और परिचित भी शोक में डूबे हुए हैं। सड़क पर अचानक आए सांड़ की वजह से हुए इस हादसे ने एक परिवार का इकलौता सहारा छीन लिया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूमने वाले आवारा पशुओं को लेकर भी चिंता जताई है।
