सिटी स्टेशन से सौदागरान तक आस्था का सैलाब, अमन-तरक्की की दुआओं से गूंजी दरगाह
बरेली : ख्वाजा गरीब नवाज के दीवानों से एक बार फिर दरगाह आला हजरत और उसके आसपास की गलियां गुलजार हो उठीं। अजमेर शरीफ जाने वाले जायरीन ने बरेली पहुंचकर दरगाह आला हजरत पर हाजिरी दी, और मुल्क में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआएं मांगी। बुधवार से सिटी स्टेशन, सौदागरान और दरगाह क्षेत्र में अकीदतमंदों की भारी भीड़ देखने को मिली।
सिटी स्टेशन से दरगाह तक जायरीनों का सैलाब
एनईआर की बरेली सिटी स्टेशन पर सुबह से ही बाहर के शहरों और राज्यों से आने वाले जायरीन उतरते रहे। स्टेशन से दरगाह तक जायरीन के जत्थे पैदल और वाहनों से रवाना होते नजर आए। हर तरफ “या ख्वाजा”, “या आला हजरत” की सदाएं गूंजती रहीं।
मुफ्ती अहसन मियां की ओर से मुफ्त खिदमत कैंप
दरगाह के प्रवक्ता नासिर कुरैशी ने बताया कि जायरीन की सहूलियत के लिए दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की ओर से एनईआर सिटी स्टेशन पर विशेष खिदमत कैंप लगाया गया। कैंप के पदाधिकारी बाहर से आने वाले जायरीनों को रास्ता, ठहरने की जानकारी और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने में जुटे हैं। इस पहल से जायरीनों ने राहत महसूस की।
रामपुर रोड पर बसों की लंबी कतार, लगा जाम
अजमेर शरीफ रवाना होने वाले जायरीन की बसों की वजह से रामपुर रोड पर लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था संभाली और वाहनों का जाम खुलवाने में जुटी रही।
अमन और भाईचारे का पैगाम
दरगाह आला हजरत पर हाजिरी देने पहुंचे जायरीनों ने कहा कि बरेली आकर सुकून मिलता है। अजमेर शरीफ जाने से पहले आला हजरत की बारगाह में हाजिरी देकर वे मुल्क की सलामती, अमन-चैन और तरक्की की दुआ करते हैं।
