वीआईपी कॉलोनी के फ्लैट में गंदा धंधा, देर रात पुलिस का छापा
बरेली : शहर की साख पर धब्बा लगा रहे देह व्यापार के गोरखधंधे पर पुलिस ने करारा वार किया है। बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा रोड स्थित महेन्द्र नगर कॉलोनी में एक फ्लैट की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का मंगलवार देर रात भंडाफोड़ हुआ। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक युवती समेत 6 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सूचना मिलते ही सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव और बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे के नेतृत्व में टीम ने फ्लैट पर दबिश दी। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस की मौजूदगी भांपते ही भीतर अफरातफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।
छापे में क्या-क्या मिला
तलाशी के दौरान फ्लैट से कंडोम, सेक्सवर्धक गोलियां, पेट्रोलियम जैली, मॉइस्चराइजर, 6 स्मार्टफोन, 4100 नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, फ्लैट पूरी तरह से अवैध गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रहा था। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार युवती डोहरा रोड पर इशारों से ग्राहकों को फांसती थी। सौदा तय होने के बाद ग्राहकों को इसी किराये के फ्लैट में लाया जाता था। हर ग्राहक से 500 से 2000 तक वसूले जाने की बात सामने आई है। पकड़े गए युवक शहर के अलग -अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने मीडिया को बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
