धनबाद/झारखंड/लखनऊ : झारखंड के धनबाद ज़िले से एक बार फिर कोयला खदान से मौतों की दिल दहला देने वाली खबर आई है। बाघमारा थाना क्षेत्र के ब्लॉक-2 में अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से 9 मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूरों के अब भी फंसे होने की आशंका है। हादसा उस वक्त हुआ जब खदान में खनन का काम चल रहा था और ऊपर से भारी मलबा गिर गया। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर मामले को दबाने के आरोप लगे हैं। विधायक सरयू राय के ट्वीट ने पूरे मामले को उजागर किया। उन्होंने लिखा “बाघमारा, धनबाद के जमुनिया में अवैध खनन की चाल धँसने से 9 मज़दूरों की मौत हुई है। अवैध खनन माफिया शवों को छुपाने की कोशिश में लगे हैं। चुनचुन नामक माफिया, प्रभावशाली संरक्षण में यह अवैध खनन करा रहा था।”
मृतक मजदूरों की शिनाख्त की कोशिश

सूत्रों के अनुसार, हादसे की जानकारी स्थानीय प्रशासन को देर से मिली, और मीडिया को मौके पर जाने से भी रोका गया। मारे गए मजदूरों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। यह हादसा कोयला माफिया और सरकारी तंत्र की मिलीभगत पर फिर से सवाल खड़ा कर रहा है। धनबाद और बाघमारा क्षेत्र में अवैध खनन और चाल धंसने से मजदूरों की मौत की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं बदला।
