सपा प्रमुख ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, कहा-अपराधियों को सत्ता का संरक्षण, 2027 में जनता भाजपा सरकार को हटाएगी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार का“जीरो टॉलरेंस” का दावा पूरी तरह झूठा साबित हो चुका है। सपा मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता अपराध और भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन सरकार झूठे आंकड़ों के सहारे लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून और पुलिस का डर खत्म हो गया है और दबंग तत्व सत्ता के संरक्षण में खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
हाल की घटनाओं का दिया हवाला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने प्रदेश में हाल के दिनों में हुई कई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में परिवहन निगम की अनुबंधित बस के चालक ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बुलंदशहर के पचौता गांव में आयोजित मेले में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई, जबकि आजमगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या कर दी गई। इसके अलावा लखनऊ के सरोजनीनगर के बिजनौर क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र लूटने और कृष्णानगर की इंद्रलोक कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों द्वारा चेन लूटने की घटना का भी उन्होंने जिक्र किया। चंदौली में फार्महाउस पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने को भी उन्होंने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताया।
“सरकार सो रही है, अपराधी बेलगाम”
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में हर दिन सैकड़ों अपराध हो रहे हैं,लेकिन सरकार निष्क्रिय बनी हुई है। उनका आरोप है कि प्रदेश में भूमाफिया, खनन माफिया और अवैध लकड़ी माफिया जैसे कई प्रकार के माफिया सक्रिय हो चुके हैं और प्रदेश की संपत्तियों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, जबकि सरकार केवल दावे और प्रचार करने में लगी हुई है।
2027 में बदलाव का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उनका दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की “भ्रष्ट और अराजक सरकार” को सत्ता से बाहर कर देगी।
तंज भरे दोहे से साधा निशाना
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि “हत्या, लूट, बलात्कार जारी,सत्ता में बैठे हैं अत्याचारी। यूपी में अपराधियों का हाहाकार,गहरी नींद सो रही बिष्ट जी की सरकार।”उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
