मुरादाबाद : जनपद मुरादाबाद को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। नवागत डीएम राजेंद्र पेंसिया कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनपद में चल रही प्रमुख योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें गति दी जाएगी, खासकर बुनियादी सुविधाओं, राजस्व कार्यों, स्वच्छता अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर फोकस रहेगा। कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए और संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इससे पहले राजेंद्र पेंसिया संभल जनपद में जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने कई प्रशासनिक पहलों के जरिए व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया। उनके कार्यकाल को अनुशासन और कार्यकुशलता के लिए जाना जाता रहा है, जिससे मुरादाबाद में भी बेहतर प्रशासन की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट : रेहान
