बरेली: शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम हारुनगला-भरतौल रोड पर FCI गोदाम के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भरतौल की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया और रास्ता बदलकर तेजी से आगे बढ़ने लगा।
रुकने के इशारे पर नहीं रुका, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस ने जब टॉर्च की रोशनी में उसे रुकने का इशारा किया तो वह नहीं रुका। शक गहराने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से दो फायर कर दिए और भागने की कोशिश की।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, मौके पर दबोचा गया
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी निकला शातिर गौतस्कर, कई गंभीर मामले दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसीम अहमद निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी बताया। पुलिस के अनुसार वह एक शातिर गौतस्कर है, जिसके खिलाफ बरेली और शाहजहांपुर में पहले से ही गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ के मामले में पुलिस ने धारा 109 BNS और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
