घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं महिलाएं, हादसे के बाद गांव में मचा कोहराम
मुरादाबाद : जिले के बिलारी थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। समाथल गांव में मिट्टी की ढांग गिरने से तीन महिलाएं मिट्टी के नीचे दब गईं। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप और मातम का माहौल है।
मिट्टी खोदते समय अचानक भरभराकर गिरी ढांग
जानकारी के अनुसार तीनों महिलाएं घर की लिपाई के लिए खदान से मिट्टी लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक मिट्टी की बड़ी ढांग भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। देखते ही देखते तीनों महिलाएं मिट्टी में दब गईं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों महिलाओं को मिट्टी से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
दो महिलाओं को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बिलारी उपजिलाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: रेहान
