दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश, महिलाओं से उतरवाए जेवर, विरोध करने पर बेरहमी से की मारपीट
बदायूं : जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात नेकर-बनियान गिरोह के बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने किसान के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और मारपीट करते हुए नकदी व जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
परिवार को बंधक बनाकर की लूटपाट
जानकारी के अनुसार इस्लामनगर क्षेत्र के मोहल्ला हाता निवासी किसान नजाकत अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात करीब सात बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। इसके बाद उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलकर अपने अन्य साथियों को भी अंदर बुला लिया। परिवार के जागने पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर सभी को बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने किसान नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन, पुत्रवधू फिजा और बेटी के साथ मारपीट की। बदमाश महिलाओं से सोने-चांदी के जेवर उतरवाकर ले गए और घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब सात लाख रुपये का सामान अपने साथ ले गए।
खेतों में मिले बीयर के डिब्बे, पुलिस जांच में जुटी
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना स्थल के पास खेतों में बीयर के डिब्बे और प्लास्टिक के गिलास मिलने से आशंका जताई जा रही है कि बदमाश नशे की हालत में थे और पूरी तैयारी के साथ वारदात करने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट:आसिम अली
