मुरादाबाद : जिले के भगतपुर थाना क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ठिरियादान इलाके में स्थित एक डायपर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
लाखों रुपये का सामान जलकर राख
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में डायपर और अन्य सामान रखा हुआ था। आग लगने के बाद गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जलकर पूरी तरह राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग
सूचना मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग विकराल होने की वजह से काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।
कई घंटों बाद आग पर पाया गया काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
