मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे पर दिखा तेंदुए का शावक, वीडियो वायरल
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक तेंदुए का शावक दिखाई दिया। हाईवे से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने मोबाइल से शावक का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि हाईवे किनारे एक साथ दो तेंदुए के शावक दिखाई दिए थे। अचानक रोशनी पड़ने और वाहन की आवाज सुनकर एक शावक जंगल की ओर भाग गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे ही खड़ा रहा।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के नाखूनका गांव के पास दिखा शावक
यह पूरा मामला मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के नाखूनका गांव के पास मुरादाबाद-नैनीताल हाईवे का बताया जा रहा है। ट्रक चालक चांद मोहम्मद के अनुसार, वह देर रात हाईवे से गुजर रहा था, तभी उसकी नजर सड़क किनारे खड़े दो शावकों पर पड़ी। चालक ने वाहन रोककर देखा तो एक शावक तुरंत जंगल की तरफ चला गया, जबकि दूसरा वहीं खड़ा रहा। देखने में ऐसा लग रहा था कि शावक घायल या कमजोर अवस्था में है।
ट्रक चालक ने बचाई शावक की जान, बनाया वीडियो
प्रत्यक्षदर्शी ट्रक चालक चांद मोहम्मद ने बताया कि सड़क किनारे खड़े शावक को देखकर उसने कुछ देर के लिए ट्रक रोक दिया। उसे डर था कि कहीं तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर शावक घायल न हो जाए। चालक ने सावधानी से उसे सड़क से सुरक्षित स्थान की ओर कर दिया। इसके बाद वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
मुरादाबाद जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पहले भी तेंदुए की मौजूदगी सामने आ चुकी है। हाईवे के पास तेंदुए के शावक दिखाई देने के बाद आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को क्षेत्र में निगरानी बढ़ानी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। खासकर रात के समय हाईवे और जंगल से जुड़े इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग
तेंदुए के शावक का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आसपास तेंदुए का परिवार मौजूद है तो सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, अक्सर जंगल से जुड़े इलाकों में भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में जंगली जानवर आबादी या सड़क के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जाती है।
रिपोर्ट:रेहान,मुरादाबाद
