अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च, विभिन्न संगठनों ने छात्रों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
मुरादाबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को मुरादाबाद के अंबेडकर पार्क में आजाद समाज पार्टी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता अपने हाथों में विभिन्न मांगों और नारों से लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के साथ हुई कथित घटनाओं के विरोध में आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
अंबेडकर पार्क से प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों की मांगों पर कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई गई।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वापस लौट गए।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद