अहमदाबाद/लखनऊ : गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से आज दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आई जब एअर इंडिया का एक विमान लंदन के लिए उड़ान भरते ही क्रैश हो गया। टेकऑफ के सिर्फ 5 मिनट बाद, पायलट की आवाज रेडियो पर गूंजी “Mayday-Mayday-Mayday!” लेकिन आखिर Mayday का मतलब क्या होता है? और पायलट ने इस शब्द का इस्तेमाल क्यों किया?
“Mayday” का मतलब क्या होता है?
“Mayday” कोई आम शब्द नहीं है, बल्कि एक इमरजेंसी कॉल सिग्नल होता है। इसका मतलब होता है कि विमान और यात्रियों की जान पर खतरा मंडरा रहा है और उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है। यह शब्द उड़ानों में उस समय इस्तेमाल किया जाता है, जब पायलट को किसी गंभीर तकनीकी खराबी, टकराव के खतरे या अन्य जीवनघातक स्थिति का सामना करना पड़ता है। रेडियो सिग्नल पर तीन बार “Mayday” बोलना अनिवार्य होता है ताकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) तुरंत सतर्क हो जाए।
“Mayday” शब्द की शुरुआत कैसे हुई?
“Mayday” शब्द की शुरुआत 1920 में लंदन के क्रॉडॉन एयरपोर्ट से हुई थी, जब रेडियो ऑफिसर फ्रेडरिक स्टैनली मॉकफोर्ड को एक ऐसा शब्द चाहिए था जिसे पायलट संकट में आसानी से बोल सकें और जो रेडियो पर साफ़ सुनाई दे। उन्होंने फ्रेंच शब्द “m’aider” (जिसका मतलब होता है “मेरी मदद करो”) से Mayday गढ़ा।
पायलट ने “Mayday” क्यों कहा?
एअर इंडिया की इस फ्लाइट ने जब अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी, तभी संभवतः कोई तकनीकी खराबी या इंजन फेलियर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसे में पायलट को तुरंत ATC को सूचित करने के लिए “Mayday-Mayday-Mayday” चिल्लाना पड़ा, ताकि हवाई अड्डे और आसपास की एजेंसियाँ तुरंत अलर्ट हो जाएँ।
राहत और बचाव जारी

इस दुर्घटना के बाद दमकल की गाड़ियाँ, NDRF की टीमें और मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुँच चुके हैं। घटना के समय विमान में 242 यात्री सवार थे। अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितनों को चोटें आई हैं।राज्य सरकार और केंद्र सरकार की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। DGCA और एयर इंडिया की विशेष जांच टीम भी घटनास्थल पर रवाना हो चुकी है।
![]()
