फर्जी धमकियों से दहली दिल्ली, सालभर में 100 से ज्यादा स्कूल बन चुके हैं टारगेट
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक बार फिर दिल्ली के कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिली। जिन संस्थानों को निशाना बनाया गया है। उनमें डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं। धमकी मिलने के बाद तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीमों ने पूरे स्कूल परिसर की तलाशी ली। फिलहाल जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त 2025 तक दिल्ली-एनसीआर के 100 से ज्यादा स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें डीपीएस वसंत विहार, अमेटी स्कूल साकेत, सलवान पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल, वसंत वैली, सेंट स्टीफंस कॉलेज और एसआरसीसी जैसे नामी संस्थान शामिल हैं। जुलाई 2025 में तो महज चार दिनों के अंदर 50 से ज्यादा स्कूलों को बम की झूठी धमकी मिली थी। जांच में पाया गया कि इनमें से कई ई-मेल फर्जी थे। एक मामले में पुलिस ने 12 वर्षीय बच्चे को गिरफ्तार भी किया था। जिसने सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को धमकी मेल भेजा था।
अदालतों को भी मिल चुकी हैं धमकियां
सिर्फ स्कूल ही नहीं, दिल्ली की अदालतों को भी कई बार ऐसी झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। 15 फरवरी 2024 दिल्ली हाईकोर्ट को बम धमकी वाला मेल मिला, लेकिन जांच में फर्जी साबित हुआ। 16 अप्रैल 2025 द्वारका जिला अदालत परिसर में बम होने की सूचना, जिसके बाद परिसर खाली कराया गया। 1 मई 2025 दिल्ली हाईकोर्ट ने बम धमकियों पर गंभीरता से नोटिस जारी करते हुए दिल्ली पुलिस और सरकार से रिपोर्ट मांगी।
जानें पुलिस ने क्या की अपील
दिल्ली पुलिस का कहना है कि अब तक मिली सभी धमकियां झूठी साबित हुई हैं, लेकिन हर मामले को गंभीरता से लिया जाता है। फिलहाल साइबर सेल धमकी मेल भेजने वाले स्रोत की जांच कर रही है।
